खुद को सपेरा बताकर इलाके में घूमते थे और बंद घरों की करते थे रेकी
दरअसल हल्द्वानी के हरिपुर मोतिया और मुखानी क्षेत्र में हाल ही में चोरी की दो बड़ी घटनाएं सामने आई थीं। पीड़ित परिवारों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी मन्जूनाथ टीसी के निर्देश पर कोतवाली हल्द्वानी और थाना मुखानी की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और संदिग्ध बाइक सवारों की तलाश शुरू की। पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने बेल बाबा मंदिर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर और रोहितास उर्फ पोपे के रूप में हुई है, जो हरिद्वार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सपेरा का काम करते हैं और घूमने के बहाने हल्द्वानी आए थे। रात के समय बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने-चांदी के कई कीमती आभूषण, मंगलसूत्र, अंगूठियां, पायल और अन्य सामान बरामद किया है जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इनका संबंध किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है। फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।






0 टिप्पणियाँ