सवारियों से भरी रोडवेज बस हादसे का शिकार
दिल्ली से हल्द्वानी आ रही उत्तराखंड परिवहन निगम की काठगोदाम डिपो की अनुबंधित सीएनजी बस पिलखुआ टोल प्लाजा के पास हादसे का शिकार हो गई। हादसे में तीन यात्री और बस का परिचालक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिवहन निगम ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, अनुबंधित सीएनजी बस रविवार देर रात आनंद विहार, दिल्ली से हल्द्वानी के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 1:30 बजे पिलखुआ टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे वाहन से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर यू-टर्न ले रहे एक पिकअप वाहन समेत अन्य वाहनों से भी भिड़ गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में घायल तीन यात्रियों और बस के परिचालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
बताया जा रहा है कि बस दिल्ली जाते समय 46 यात्रियों को लेकर गई थी, जबकि वापसी में उसमें केवल 10 यात्री सवार थे। हादसे के बाद परिचालक विक्रम चिलवाल ने घायलों की मदद की और बाकी यात्रियों को दूसरी बस से सुरक्षित हल्द्वानी रवाना कराया। साथ ही घायल यात्रियों का किराया भी वापस किया गया।

वाहन छोड़ बस चालक फरार
हादसे के बाद बस चालक मोहम्मद शाहिद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। चालक के इस रवैये को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों और चालक के मौके से फरार होने की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और परिवहन निगम हादसे की हर पहलू से जांच कर रहा है। चालक की तलाश भी की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ