हेडलाइन मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में सो रही MBBS छात्रा को सांप ने डसा,
उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में देर रात सो रही एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई और घायल छात्रा को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले की रहने वाली खुशी जैन मेडिकल कॉलेज के 2022 बैच की एमबीबीएस छात्रा हैं। वह गंजा स्थित छात्रावास के ग्राउंड फ्लोर पर अपने कमरे में सो रही थीं। बुधवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे एक सांप उनके बेड पर चढ़ गया और उन्हें डस लिया। छात्रा ने तुरंत अपनी रूम पार्टनर को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद अन्य छात्राओं की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक उपचार के दौरान उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना छात्रा के परिजनों को भी दे दी गई है। वहीं, मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में सांप पहुंचने की इस घटना के बाद हॉस्टल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल छात्रा का इलाज जारी है और डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


0 टिप्पणियाँ