नैनीताल में कल स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए नैनीताल जिले में प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले में 7 सितंबर, सोमवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 6 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 7 सितंबर को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना जताई गई है।लगातार हो रही बारिश के चलते जिले की नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी की ओर से यह आदेश जारी किया गया है।
आदेश के मुताबिक 7 सितंबर को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश रहेगा। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। हालांकि, नैनीताल शहर में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं होंगे।

प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।।



0 टिप्पणियाँ