IMD की चेतावनी के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर, लोगों और चारधाम यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड में 28 और 29 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। लगातार बारिश को देखते हुए कई जिलों के जलग्रहण क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा भी जताया गया है। इसके बाद उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और अत्यधिक तेज बारिश के दौर भी पड़ सकते हैं।वहीं 29 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

आईएमडी के राष्ट्रीय फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है। लगातार वर्षा के कारण छोटे नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं, निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं भी हो सकती हैं।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले मौसम व सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। साथ ही नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और खड़ी ढलानों से दूर रहने की सलाह दी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) और सभी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) 24 घंटे सक्रिय हैं। सभी संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव संसाधन तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।


0 टिप्पणियाँ