तिकोनिया वाइन शॉप में भीषण आग

मंगलवार तड़के करीब 2 बजे स्थानीय लोगों ने तिकोनिया वाइन शॉप से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दुकान में भारी मात्रा में शराब का स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान में रखा कमर्शियल गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया। हालांकि तब तक दुकान के अंदर रखा करोड़ों रुपये का माल, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।।

दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 3 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि आग लगने के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।फिलहाल प्रशासन और फायर विभाग आग लगने के सही कारणों की जांच कर रहे हैं। वहीं इस भीषण अग्निकांड ने एक बार फिर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।।



0 टिप्पणियाँ