कोरियर आया है लेकिन एड्रेस नहीं मिल रहा है-
उत्तराखंड में साइबर फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। साइबर ठग लोगों को ठगने के लिए रोज नए-नए तरीके अपना रहे हैं।ऐसा ही एक मामला हल्द्वानी से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को कॉल कर बताया गया कि उसका कोरियर आया है लेकिन एड्रेस नहीं मिल रहा है। कॉल करने वाले ने व्यक्ति से कहा कि कंपनी के एक नंबर, जो स्टार-21 से शुरू हो रहा है, उस पर कॉल करके अपना एड्रेस बता दें।
जैसे ही व्यक्ति ने उस नंबर पर कॉल किया, कुछ ही देर में उसका फोन हैक हो गया और उसकी कॉल फॉरवर्ड हो गई। इसके बाद साइबर ठगों ने उसका व्हाट्सएप भी हैक कर लिया और उसके कॉन्टैक्ट में मौजूद लोगों से पैसे की डिमांड करनी शुरू कर दी।देखते ही देखते कुछ ही देर में साइबर ठगों के पास अच्छी खासी रकम पहुंचनी शुरू हो गई। जब पीड़ित व्यक्ति को परिचितों के फोन आने लगे तो उसे पूरे मामले का पता चला।
इसके बाद पीड़ित ने तुरंत अपने फेसबुक प्रोफाइल पर पोस्ट कर लोगों से अपील की कि उसका फोन हैक हो गया है और कोई भी पैसे न भेजे। साथ ही उसने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई और हल्द्वानी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।जानकारी के मुताबिक साइबर ठग अक्सर रविवार या छुट्टी के दिन ऐसे फ्रॉड को अंजाम देते हैं, ताकि पीड़ित को तुरंत मदद न मिल सके।फिलहाल पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करा दी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।








0 टिप्पणियाँ