हल्द्वानी शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
हल्द्वानी शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। वर्षों से डंपिंग स्थल पर जमा लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए आज महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का शुभारंभ किया।
नगर निगम हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि डंपिंग स्थल पर वर्षों से जमा कचरे का वैज्ञानिक और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारण नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से डंपिंग स्थल के पुनर्विकास का रास्ता खुलेगा और शहर को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण मिलेगा।

महापौर ने प्लांट का संचालन कर रही संस्था को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा किया जाए तथा सभी पर्यावरणीय और वैधानिक मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।इस दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी चन्द्रशेखर टोलिया सहित अन्य अधिकारियों ने प्लांट का निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर निगम ने शहरवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सफल बनाने की अपील की है, ताकि जनसहभागिता से स्वच्छ और सुंदर हल्द्वानी का लक्ष्य हासिल किया जा सके।


0 टिप्पणियाँ