नैनीताल की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, 1 अगस्त से मॉल रोड पर हॉर्न बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध...

नैनीताल की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव 

नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने आज कई अहम फैसले लिए हैं। मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में तय किया गया कि 1 अगस्त 2026 से मॉल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक झील के चारों ओर नो-पार्किंग जोन को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। पुलिस और परिवहन विभाग को सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर में जाम की समस्या कम हो और पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।

सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिना वैध फिटनेस वाले सरकारी और निजी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे वाहनों को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा निजी वाहनों से अवैध रूप से टैक्सी संचालन पर भी संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया। प्रस्तावित पार्किंग में शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम किया जा सके।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाया जाए।

join our whatsapp group- click here👈
Youtube Channel-  click here👈
facebook Page-  click here👈
 instagram- Click here👈

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ