उत्तराखंड में इन दो दिनों में भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन हाई अलर्ट पर
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने की तैयारी में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून ने 1 और 2 जुलाई 2026 के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।।

मौसम विभाग के अनुसार, 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। वहीं टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में भी भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली, तेज गर्जना और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 2 जुलाई को भी देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। इसके अलावा हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में भी भारी बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।। 

संभावित खतरे को देखते हुए सभी जिलों में राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सड़क बंद होने की स्थिति में मार्ग जल्द खोलने, संचार व्यवस्था सुचारु रखने और सभी नोडल अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।
प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर मौसम के अनुसार आवश्यक प्रतिबंध लगाने, विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नगर क्षेत्रों की नालियों की सफाई, खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने के भी निर्देश जारी किए हैं।सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की अपील की है।

0 टिप्पणियाँ