नैनीताल में होमस्टे पर प्रशासन का शिकंजा, 150 का पंजीकरण निरस्त

जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर परगना अधिकारियों और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम ने जिलेभर में संचालित होमस्टे इकाइयों का निरीक्षण किया। जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई होमस्टे में स्वामी स्वयं निवासरत नहीं पाए गए, जबकि कुछ इकाइयों का संचालन होटल और रेस्टोरेंट की तरह किया जा रहा था। इसके अलावा सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग और होमस्टे को लीज पर देकर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने के मामले भी सामने आए।
इन अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने 150 होमस्टे इकाइयों का पंजीकरण निरस्त कर दिया। वहीं 55 इकाइयों पर प्रति इकाई 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कार्रवाई के तहत नैनीताल क्षेत्र में सबसे अधिक 94, रामनगर में 20, धारी में 19, कैंची धाम में 7, कालाढूंगी में 5 और हल्द्वानी में 5 होमस्टे इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नोटिस अवधि में संचालित अन्य होमस्टे इकाइयों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही अधिकारियों को होमस्टे नियमावली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।






0 टिप्पणियाँ