खो-खो में वेंडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल का परचम
हल्द्वानी, नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 18 एवं 19 अप्रैल 2026 को हल्द्वानी में आयोजित जिला स्तरीय नेशनल चैंपियनशिप में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। इस प्रतियोगिता में जिले के लगभग 25 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 
प्रतियोगिता में वेंडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक अपने नाम किए। विशेष रूप से विद्यालय की टीम ने खो-खो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यालय के निदेशक डॉ. विकल बवाड़ी एवं डॉ. भावना बवाड़ी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी प्रकार मेहनत और लगन से खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करें। विद्यालय में आयोजित प्रातःकालीन सभा के दौरान सभी विजेता खिलाड़ियों का विशेष रूप से सम्मान एवं धन्यवाद किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कोच विवेक एवं ईशु, वाइस प्रिंसिपल विजय जोशी, स्कूल कोऑर्डिनेटर मंजू थापा सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।।




0 टिप्पणियाँ