बाघ ने महिला को बनाया निवाला,क्षेत्र में हड़कंप
हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित जोली ग्राम गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बाघ ने करीब 40 वर्षीय महिला को अपना निवाला बना लिया। बताया जा रहा है कि महिला दोपहर करीब 3 बजे गोवंश के लिए चारा लेने जंगल गई थी, तभी घात लगाए बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में दहशत फैल गई। गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्हें संवेदनहीन जवाब मिला, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण काठगोदाम के रानीबाग क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने महिला के शव को सड़क किनारे रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।।

मौके पर पुलिस बल और वन विभाग की टीम पहुंची। वन विभाग के अधिकारियों ने जल्द ही बाघ को पकड़ने का आश्वासन दिया। वहीं ग्रामीणों ने मांग रखी कि जब तक बाघ को नहीं पकड़ा जाता, तब तक चारे की व्यवस्था और बच्चों की स्कूल जाने की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।।
स्थिति को संभालने के लिए एसडीएम प्रमोद कुमार और सीओ सिटी हल्द्वानी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की बात मानते हुए धरना समाप्त किया। इसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और वन विभाग की टीम बाघ की तलाश में जुट गई है।



0 टिप्पणियाँ