भूत-प्रेत की अफवाह से स्कूल में अफरा-तफरी
हल्द्वानी, बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूनिट टेस्ट के दौरान कुछ छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई।एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने के बाद अन्य छात्राएं भी घबरा गईं और देखते ही देखते स्कूल में दहशत का माहौल बन गया। 

घटना के बाद इलाके में भूत-प्रेत की अफवाह भी फैल गई, हालांकि स्कूल प्रशासन ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज किया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में यूनिट टेस्ट चल रहे थे। इसी दौरान कक्षा 10 और 11 की एक-दो छात्राओं को चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत हुई। बताया जा रहा है कि एक छात्रा के अचानक चीखने-चिल्लाने के बाद आसपास मौजूद अन्य छात्राएं भी डर और घबराहट में आ गईं।इसके बाद एक के बाद एक करीब चार से पांच छात्राएं घबरा गईं और कई छात्राएं रोने लगीं। कुछ छात्राओं में इतना डर था कि वे रोते हुए घर जाने लगीं।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में छात्राओं पर कथित भूत-प्रेत की बाधा होने की अफवाह भी तेजी से फैल गई।स्कूल प्रवक्ता नीलम ने बताया कि यह मामला किसी भूत-प्रेत या अन्य कथित बाधा का नहीं था, बल्कि कुछ छात्राओं की तबीयत खराब होने के बाद अन्य छात्राओं में अचानक डर और घबराहट फैल गई थी।स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया और छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल की छुट्टी कर उन्हें घर भेज दिया गया।फिलहाल स्कूल प्रशासन ने भूत-प्रेत से जुड़ी सभी अफवाहों को खारिज करते हुए साफ किया है कि छात्राओं की तबीयत बिगड़ने और उसके बाद फैली घबराहट के कारण ही स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बना था। लेकिन इस घटना के बाद इलाके में फैली अफवाहों ने जरूर लोगों को हैरान कर दिया।



0 टिप्पणियाँ