हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में दो गिरफ्तार
हल्द्वानी में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी सीज कर लिया गया है।। 

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को हल्द्वानी निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के घर से बिना बताए चले जाने की शिकायत कोतवाली हल्द्वानी में दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दो आरोपियों की पहचान की।।
दोनों आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पूछताछ में अभियुक्त विक्रम सिंह द्वारा बताया गया कि उसने उक्त लड़की को बर्फ वाली गली से अपनी गाड़ी में बैठाया तथा अपने स्टूडियो ले गया, जहां उसके साथ रात में शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह सुबह उसे पुनः बर्फ वाली गली में छोड़ गया। इसके उपरांत उक्त लड़की डी.के. पार्क गई, जहां उसकी मुलाकात सौरभ बिष्ट से हुई। अभियुक्त सौरभ बिष्ट द्वारा बताया गया कि वह लड़की को सितारगंज, शक्ति फार्म लेकर गया, जहां उसने भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी बरामद कर सीज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है।।
गिरफ्तार अभियुक्त:-
1-विक्रम सिंह, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल, उम्र 29 वर्ष।
2- सौरभ बिष्ट, गौलापार, काठगोदाम, जनपद नैनीताल, उम्र 21 वर्ष।





0 टिप्पणियाँ