ज्वेलर्स की दुकान से चोरी का खुलासा
हल्द्वानी, काठगोदाम पुलिस ने दमुवाढूंगा क्षेत्र स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान से करीब 95 हजार रुपये की सोने की चेन चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त ऑल्टो कार भी बरामद की है।।

दरअसल, 12 अगस्त को दमुवाढूंगा स्थित जय कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि दो अज्ञात युवक बिना नंबर प्लेट लगी कार से दुकान पर पहुंचे और मौका पाकर करीब 95 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी कर फरार हो गए। मामले में काठगोदाम कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने 24 अगस्त को गौलापार क्षेत्र के कुंवरपुर रोड, बागजाला से दो आरोपियों हिमांशु मौर्य और अंतरिक्ष सागर को गिरफ्तार कर लिया।।
दोनों आरोपियों की उम्र 18 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन के साथ घटना में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार नंबर UK04F-1588 भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
गिरफ्तार अभियुक्त-
1. हिमांशु मौर्य, उम्र 18 वर्ष, हल्द्वानी।
2. अंतरिक्ष सागर, उम्र 18 वर्ष, हल्द्वानी



0 टिप्पणियाँ