आंचल दुग्ध संघ की 705 दुग्ध समितियों में शान से लहराया तिरंगा
लालकुआं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। संघ परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।।

दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आंचल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रहा है। दुग्ध उपार्जन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही आंचल के दूध और दुग्ध उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि दुग्ध संघ के कर्मचारियों को जल्द ही वर्दी वितरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संघ की कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों एवं सुविधाओं का ध्यान रखना संघ की प्राथमिकता है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लालकुआं समेत पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में आंचल दुग्ध संघ से जुड़ी 705 दुग्ध समितियों में भी ध्वजारोहण किया गया। समितियों में पदाधिकारियों और दुग्ध उत्पादकों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं विकास के प्रति संकल्प लिया।दुग्ध समितियों के चुनाव की तिथियां निर्धारित होने के चलते कार्यक्रम के दौरान आचार संहिता का भी पालन किया गया। इस दौरान किसी भी तरह की चुनाव प्रचार संबंधी गतिविधि नहीं की गई।।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। उन्होंने दुग्ध उपार्जन, समितियों से होने वाले दूध संग्रहण और आंचल के दुग्ध उत्पादों के विपणन से जुड़ी जानकारी साझा की। साथ ही कर्मचारियों से दुग्ध उत्पादकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर दुग्ध उपार्जन और आंचल उत्पादों की बिक्री को और मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, पूर्व संचालक मंडल सदस्य राजेंद्र प्रसाद समेत संघ के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ