हल्द्वानी,शहर में मंगलवार भड़की आग,फायर हाइड्रेंट सिस्टम पर उठे सवाल,एसडीएम बोलीं- तय होगी जिम्मेदारी...

हल्द्वानी में फिर भड़की आग, लाखों का नुकसान

हल्द्वानी शहर में मंगलवार का दिन आग की घटनाओं के नाम रहा। शाम को हीरा नगर स्थित केवीएम स्कूल परिसर में आग लगने के बाद देर रात शहर के मुख्य बाजार मीरा मार्ग स्थित एक जूते की दुकान में भी भीषण आग लग गई। आग में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 9:45 बजे मीरा मार्ग स्थित माशा शूज नामक दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के अंदर रखे जूते-चप्पल समेत अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।बताया जा रहा है कि यह दुकान समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के छोटे पुत्र सुमेर सिद्दीकी की है। आग से दुकान में रखा पूरा सामान जल गया और लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले में एसडीएम हल्द्वानी मोनिका ने बताया कि मंगलवार को शहर में दो बड़ी आग की घटनाएं सामने आईं, जिसके बाद सबसे बड़ी कमी फायर हाइड्रेंट के काम न करने की सामने आई है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्य मार्गों के हाइड्रेंट सही तरीके से काम कर रहे होते तो आग पर और तेजी से काबू पाया जा सकता था। फिलहाल दोनों घटनाओं में समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया।

एसडीएम ने कहा कि अब शहर के सभी फायर हाइड्रेंट की जांच कर उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी बड़े संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा और नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
एक ही दिन में शहर में आग की दो बड़ी घटनाओं ने फायर सेफ्टी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। गर्मी के मौसम में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और संस्थानों से फायर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

join our whatsapp group- click here👈
Youtube Channel-  click here👈
facebook Page-  click here👈
 instagram- Click here👈

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ