मुक्तेश्वर में बहुमंजिला इमारतों पर उठे सवाल, कुमाऊं आयुक्त ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
क्षेत्र में बन रही बहुमंजिला इमारतों और रिसॉर्ट्स को लेकर जताई चिंता-
कुमाऊं की शांत और खूबसूरत वादियों के लिए मशहूर मुक्तेश्वर में तेजी से हो रहे अनियंत्रित निर्माण पर अब प्रशासन सख्त हो गया है।दीपक रावत कुमाऊं आयुक्त और मुख्यमंत्री के सचिव ने मुक्तेश्वर दौरे के दौरान क्षेत्र में बन रही बहुमंजिला इमारतों और रिसॉर्ट्स को लेकर गहरी चिंता जताई है।
निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि कुछ लोग समूह बनाकर बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य कर रहे हैं और साथ ही होमस्टे योजना का लाभ भी ले रहे हैं। प्रथम दृष्टया यह निर्माण कार्य भू-कानून के उल्लंघन की श्रेणी में आते दिखाई दे रहे हैं।
क्षेत्र में बन रही सभी बड़ी इमारतों और रिसॉर्ट्स की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के निर्देश -
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि मुक्तेश्वर जैसे संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्र में इस तरह की बड़ी और अनियोजित इमारतों का निर्माण न केवल नियमों की अवहेलना है, बल्कि इससे पर्यावरणीय संतुलन और पहाड़ों के नियोजित विकास पर भी खतरा पैदा हो रहा है।मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने नैनीताल के जिलाधिकारी और जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में बन रही सभी बड़ी इमारतों और रिसॉर्ट्स की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कराई जाए।आयुक्त ने साफ कहा कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या योजनाओं के दुरुपयोग की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







0 टिप्पणियाँ