रामनगर-हल्द्वानी हाईवे पर युवाओं की अनोखी पहल, हादसों को रोकने के लिए खुद संभाली जिम्मेदारी
हल्द्वानी, यात्रियों के सुरक्षित सफर को ध्यान में रखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता राहुल सिंह दरम्वाल एक बार फिर अपनी टीम के साथ सड़कों पर उतर आए। इस बार उन्होंने रामनगर-हल्द्वानी नेशनल हाईवे पर बैलपड़ाव के पास दुर्घटना को दावत दे रहे बड़े-बड़े गड्ढों को भरकर एक सकारात्मक संदेश दिया।
राहुल दरम्वाल और उनकी टीम ने खुद मौके पर पहुंचकर सड़क के गड्ढों को भरा और राहगीरों को सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस हाईवे पर भारी यातायात का दबाव रहता है और हर रोज हजारों लोग, जिनमें दोपहिया वाहन सवार भी शामिल हैं, इस मार्ग से गुजरते हैं।उन्होंने कहा कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण अक्सर हादसों का खतरा बना रहता है और कई बार लोग घायल भी हो चुके हैं। ऐसे में संबंधित विभागों को जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत करनी चाहिए ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की जान बचाई जा सके।
राहुल दरम्वाल ने यह भी बताया कि उनका उद्देश्य सिर्फ गड्ढे भरना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक करना है। वे लंबे समय से इस तरह की मुहिम चला रहे हैं और कई बार प्रशासन, पीडब्ल्यूडी और एनएच विभाग से भी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की मांग करते रहे हैं।
इस मुहिम में उनके साथ कमल रावत, कुलदीप बिष्ट, केशव बिष्ट, सौरभ छिमवाल (सन्नी), विशाल रावत, करन नेगी, गुड्डू अधिकारी, गोविंद खनायत, खीम खनायत, कप्तान सिंह, लोकश आर्य और सोनू तिवारी सहित कई युवा मौजूद रहे।





0 टिप्पणियाँ