मुख्यमंत्री धामी की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक
देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। विधानसभा के आगामी बजट सत्र से ठीक पहले होने जा रही इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई महत्वपूर्ण विधेयकों और प्रतिवेदनों को मंजूरी दी जा सकती है।प्रदेश सरकार 9 मार्च से भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में विधानसभा का बजट सत्र आयोजित करने जा रही है। पर्वतीय राजधानी माने जाने वाले भराड़ीसैंण में होने वाले इस सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सदन के पटल पर रख सकती है।।
समान नागरिक संहिता संशोधन पर मुहर संभव
सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC) संशोधन विधेयक को सदन में प्रस्तुत करने की स्वीकृति दी जा सकती है। इस संशोधन में विभिन्न अपराधों के लिए दंड की अवधि स्पष्ट रूप से निर्धारित की गई है।हालांकि, इस संशोधन को पहले ही मंत्रिमंडल स्तर पर स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन विधानसभा में विधेयक के रूप में पेश करने के लिए औपचारिक अनुमति आवश्यक है, जो इस बैठक में दी जा सकती है।
विभागीय वार्षिक प्रतिवेदन भी एजेंडे में
बैठक में विभिन्न विभागों के वार्षिक प्रतिवेदनों को भी मंजूरी मिलने की संभावना है। नियमों के तहत इन प्रतिवेदनों को सदन में पेश करने से पहले कैबिनेट की स्वीकृति अनिवार्य होती है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर भी फैसला
कैबिनेट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है। बजट में प्रदेश के विकास कार्यों, आधारभूत ढांचे, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहने की उम्मीद है।माना जा रहा है कि बजट सत्र के दौरान इन सभी विषयों पर व्यापक चर्चा होगी और सरकार अपनी नीतिगत प्राथमिकताओं को सदन के माध्यम से स्पष्ट करेगी। राजनीतिक हलकों में इस बैठक को आगामी सत्र की दिशा तय करने वाली अहम कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।





0 टिप्पणियाँ