कैंची धाम में अब मनमानी एंट्री नहीं, क्षमता के हिसाब से मिलेगा दर्शन
हल्द्वानी। कैंची धाम में लगातार बढ़ रही भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन ने अब नया प्लान तैयार किया है। व्यवस्था को लेकर एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने अहम जानकारी साझा की है। नए प्लान के तहत अब कैंची धाम में मंदिर की क्षमता के आधार पर ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा, ताकि एक समय में मंदिर परिसर में क्षमता से अधिक भीड़ न जुटे।
व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मंदिर में अलग-अलग एंट्री और एग्जिट गेट बनाए जाएंगे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए शटल सेवा की व्यवस्था की जाएगी। पर्यटकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के बाद शटल के माध्यम से कैंची धाम तक पहुंचाया जाएगा।

सबसे बड़ा बदलाव वीकेंड को लेकर किया जा रहा है। वीकेंड में टैक्सी बाइकों पर पूरी तरह रोक लगाने की तैयारी है, ताकि पहाड़ी मार्ग पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके और जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।पुलिस-प्रशासन का मकसद साफ है—कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन मिलें और नैनीताल-कैंची धाम मार्ग पर बार-बार लगने वाले लंबे जाम से भी राहत मिले।अब देखना होगा कि रजिस्ट्रेशन, क्षमता के हिसाब से प्रवेश और शटल सेवा का यह नया प्लान जमीनी स्तर पर कितना असरदार साबित होता है।






0 टिप्पणियाँ