हल्द्वानी,महिला की मौत के बाद जागा प्रशासन,बनभूलपुरा में तीन अवैध क्लीनिक सील

गर्दन का दर्द ठीक कराने गई महिला की मौत के मामले के बाद कार्रवाई तेज

दस्तावेज और पंजीकरण संबंधी कागजात नहीं दिखा सके संचालक

हल्द्वानी, शहर में कथित तौर पर पहलवान से गर्दन का दर्द ठीक कराने गई महिला की मौत के मामले के बाद प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में छापेमारी कर तीन क्लीनिकों को सील कर दिया।

 कार्रवाई के दौरान क्लीनिक संचालक जरूरी दस्तावेज और पंजीकरण संबंधी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, एसीएमओ रजत भट्ट, बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने की। टीम ने क्लीनिकों में पहुंचकर संचालकों से पंजीकरण सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।

प्रशासन के मुताबिक, मौके पर जरूरी कागजात उपलब्ध नहीं कराए जाने के बाद तीनों क्लीनिकों को सील कर दिया गया सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि प्रशासन को बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना आवश्यक दस्तावेजों के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर संयुक्त टीम ने जांच और कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

।

उन्होंने कहा कि क्लीनिक संचालकों के लिए स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पंजीकरण कराना और आवश्यक लाइसेंस व दस्तावेज रखना अनिवार्य है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना जरूरी अनुमति के संचालित हो रहे क्लीनिकों को लेकर सख्ती के संकेत मिले हैं।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ