मुख्यमंत्री धामी ने परिवार संग देखी आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’
देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में परिवार संग आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी भक्ति, सेवा और मानव कल्याण की भावना पर आधारित इस फिल्म को देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसके संदेश और निर्माण टीम के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, करुणा, सेवा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बाबा का मानव सेवा, प्रेम और भक्ति का संदेश आज भी लोगों को प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की समृद्ध भूमि भी है। नैनीताल जिले में स्थित कैंची धाम आज देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ऐसे संतों के जीवन और विचारों को सिनेमा के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ में भक्ति, सेवा, प्रेम, करुणा, विनम्रता और लोककल्याण जैसे मूल्यों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म के जरिए नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।।

मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित रचनात्मक फिल्में समाज में सकारात्मक सोच, संस्कार और सेवा भावना को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। गौरतलब है कि ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया समेत अन्य कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।



0 टिप्पणियाँ