रामनगर अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर युवाओं ने उठाई आवाज, CMS से की समस्याओं के समाधान की मांग
रामनगर। रामदत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर करने की मांग को लेकर समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं का प्रतिनिधिमंडल अस्पताल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने CMS तपन शर्मा से मुलाकात कर अस्पताल की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा और मरीजों व उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।।

प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ की कमी, ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, शौचालयों की स्थिति, पीने के पानी और वाटर कूलर, मरीजों की जांच, दवाइयों की उपलब्धता और पार्किंग जैसी समस्याओं को CMS के सामने रखा। इसके साथ ही अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों, उनके परिजनों और छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा बेहतर करने की मांग भी की गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि रामनगर अस्पताल में पहाड़ और मैदान दोनों क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, ऐसे में यहां सुविधाओं का बेहतर होना बेहद जरूरी है।।
CMS तपन शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि अस्पताल की समस्याओं के समाधान के लिए उनके स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों की कमी के साथ-साथ पार्किंग, पीने के पानी और ऑनलाइन पेमेंट जैसी व्यवस्थाओं को जल्द बेहतर करने की बात कही।वार्ता के दौरान इस बात पर भी सहमति बनी कि स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और अस्पताल प्रशासन मिलकर अस्पताल की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करेंगे, ताकि रामनगर के साथ-साथ कुमाऊं और गढ़वाल से आने वाले मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को जनहित के मुद्दों से जोड़कर क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। इस दौरान छात्र संघ अध्यक्ष कृष्णा ठाकुर, छात्र संघ कोषाध्यक्ष संक्रांत सिंह, पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष करन बिष्ट, कमलेश बिष्ट, सौरभ छिमवाल, रवि तिवारी, नीरज मेहरा, महेंद्र आर्य, नीरज रावत, संजय रौतेला, अनुज अधिकारी, करन आर्य, विशाल आर्य, काकू, पारस, हिमांशु आर्य, जितेंद्र, नवीन गोस्वामी, अभय मेहरा, गौरव बिष्ट, संजय गिरी, रवि कुमार, कोमल, मनप्रीत सिंह सहित कई युवा मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ