ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान शुरू
हल्द्वानी,जनपद नैनीताल में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर, एम्पलीफायर और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों की सघन जांच की जा रही है।

धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों, आवासीय इलाकों, बाजारों, औद्योगिक क्षेत्रों और साइलेंट जोन में पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में लाउडस्पीकर और एम्पलीफायर सीज किए जा रहे हैं।

पुलिस लोगों और संस्थानों को ध्वनि प्रदूषण नियमों, सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के निर्देशों के प्रति जागरूक भी कर रही है। साफ चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति या तय सीमा से अधिक आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम और ध्वनि प्रदूषण नियमों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।नैनीताल पुलिस का संदेश साफ है,नियमों का पालन करें, वरना तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर होंगे सीज और होगी सख्त कानूनी कार्रवाई।



0 टिप्पणियाँ