हेल्पर की रेत में दबने से दर्दनाक मौत
हल्द्वानी के बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव के एक क्रशर में रविवार को घोर लापरवाही का मामला सामने आया, जहां 30 वर्षीय हेल्पर की रेत में दबने से दर्दनाक मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि युवक का शव रेत से भरे डंपर के साथ निर्माण स्थल तक पहुंच गया और कई घंटे बाद मजदूरों को रेत के अंदर शव मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।।

जानकारी के अनुसार, मोटाहल्दू, लालकुआं निवासी 30 वर्षीय पवन सिंह पुत्र मदन सिंह गोरापड़ाव स्थित एक क्रशर में हेल्पर के रूप में काम करता था। रविवार दोपहर वह डंपर में रेत के रिसाव को रोकने के लिए कट्टा लगा रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक ने बिना यह देखे कि नीचे कोई व्यक्ति मौजूद है, डंपर में रेत डालनी शुरू कर दी। रेत के भारी दबाव में पवन सिंह वहीं दब गया।घटना से अनजान चालक रेत से भरे उसी डंपर को हल्द्वानी के चौफुला-कटघरिया मार्ग स्थित निर्माण स्थल पर लेकर पहुंचा। शाम करीब चार बजे जब मजदूरों ने डंपर से रेत उतारनी शुरू की, तो रेत के अंदर दबा शव देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।।

सूचना मिलने पर मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई। मृतक की ताई ने शव की पहचान अपने भतीजे पवन सिंह के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल पुलिस जेसीबी चालक, ठेकेदार और क्रशर मालिक से पूछताछ कर रही है। शुरुआती तौर पर मामला गंभीर लापरवाही का माना जा रहा है। जांच के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सवाल यह भी है कि आखिर सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसकी लापरवाही से हुई और एक मजदूर की जान चली गई।




0 टिप्पणियाँ