हेलमेट भी मिला, चालान भी कटा... हल्द्वानी में सड़क सुरक्षा का अनोखा अभियान
हल्द्वानी में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिलाधिकारी नैनीताल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़क हादसों को रोकने के लिए लोगों से हेलमेट पहनने, तेज रफ्तार से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। 

वहीं आरटीओ विभाग ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को मौके पर हेलमेट वितरित कर जागरूक किया और साफ संदेश दिया कि अगली बार बिना हेलमेट पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन सीज भी किया जा सकता है। सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा है। इसी संदेश के साथ हल्द्वानी में जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। 

बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को मौके पर हेलमेट दिए गए और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट पहनना हर चालक के लिए अनिवार्य है और तेज गति से वाहन चलाना हादसों का सबसे बड़ा कारण बनता है। प्रशासन ने चेतावनी दी कि भविष्य में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर वाहन सीज भी किए जाएंगे। इसलिए सुरक्षित रहें, हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें।



0 टिप्पणियाँ