उत्तराखंड,अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा:गहरी खाई में गिरी अल्टो कार,चार की मौत,दो गंभीर घायल,वीडियो

अल्मोड़ा,लमगड़ा में भीषण सड़क हादसा 

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर बलिया गांव के समीप उस समय हुआ, जब एक मारुति अल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे अल्टो कार (संख्या यूके -04 जेड-5819) चायखान-बेगानिया मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान बलिया गांव के पास वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय कार में छह लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही लमगड़ा थाना पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला गया।।

पुलिस के अनुसार हादसे में ग्राम बलिया निवासी राजेंद्र सिंह बेलवाल (40) पुत्र नारायण सिंह बेलवाल, जगदीश सिंह (35) पुत्र लक्ष्मण सिंह, लछम सिंह (56) पुत्र प्रताप सिंह तथा पान सिंह (50) पुत्र बिशन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल सचिन बेलवाल (18), जो मृतक राजेंद्र सिंह बेलवाल का पुत्र है, तथा गोपाल सिंह (45) पुत्र खीम सिंह को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा ले जाया गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया।।

इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू सामने आया कि पिता-पुत्र दोनों एक ही वाहन में सवार थे। दुर्घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

join our whatsapp group- click here👈
Youtube Channel-  click here👈
facebook Page-  click here👈
 instagram- Click here👈

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ