हल्द्वानी,पीएम आवास योजना में गड़बड़ी
हल्द्वानी,बनभूलपुरा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगाए गए कैंप में बड़ी संख्या में आवेदन सामने आए थे, लेकिन अब जांच के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। दरअसल, बनभूलपुरा इलाके में प्रधानमंत्री आवास योजना के कैंप के दौरान करीब 7000 आवेदन प्राप्त हुए थे। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के अनुसार, जब इन आवेदनों की स्क्रूटनी की गई तो सामने आया कि कई आवेदकों के पास पहले से ही मकान मौजूद है।।
जांच के दौरान गड़बड़ी उजागर होने के बाद अब कार्रवाई के डर से लोग खुद ही अपने आवेदन वापस लेने लगे हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि आवेदकों द्वारा पहले शपथ पत्र भी दिया गया था, लेकिन अब कई लोग स्वयं सामने आकर यह स्वीकार कर रहे हैं कि वे पहले ही सरकारी योजनाओं का लाभ ले चुके हैं।।

नगर आयुक्त ने बताया कि,“जो भी लोग गलत तरीके से आवेदन किए हैं, वे खुद आगे आकर अपने फॉर्म निरस्त करवा सकते हैं। जो पात्र हैं, उनके आवेदन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, उन्हें किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।”
फिलहाल नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि केवल पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ मिलेगा, जबकि गलत तरीके से आवेदन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा सकती है।




0 टिप्पणियाँ