हल्द्वानी,पनियाली में फिर बाघ का आतंक, महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
हल्द्वानी। हल्द्वानी से सटे ग्रामीण क्षेत्र पनियाली में एक बार फिर बाघ के हमले से दहशत फैल गई है। जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान कमला फर्त्याल के रूप में हुई है।।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ अचानक झाड़ियों से निकलकर महिला पर झपटा और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। काफी देर तक जब महिला घर नहीं लौटी तो ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसका शव जंगल में क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज क्षेत्र की है। वन विभाग की टीम ने इलाके में कैमरे लगाने शुरू कर दिए हैं और संदिग्ध बाघ की तलाश में जंगल में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार बाघ को आदमखोर घोषित करने की प्रक्रिया पर भी विचार किया जा रहा है।
इधर ग्रामीणों का कहना है कि मृतका मवेशी पालकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी और रोजाना की तरह चारा लेने जंगल गई थी। लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बाघ को तत्काल आदमखोर घोषित कर पकड़ने की मांग की है।लगातार हो रही घटनाओं से पनियाली और आसपास के गांवों में भय और आक्रोश का माहौल गहराता जा रहा है।





0 टिप्पणियाँ