हल्द्वानी में चंदन तस्करों पर पुलिस ने बड़ा एक्शन
जेल में बनी थी प्लानिंग,कानपुर में बेचने की थी तैयारी, पुलिस ने पकड़ा शातिर चंदन चोर
हल्द्वानी, पुलिस ने चंदन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।खुलासे में जानकारी सामने आई की डालाकोटी कंपाउंड से कीमती चंदन का पेड़ काटकर तस्करी की साजिश रची गई थी। इतना ही नहीं, यह प्लानिंग जेल के अंदर तैयार की गई थी और लकड़ी को कानपुर में बेचने की तैयारी थी।
20 जनवरी 2026 को रामपुर रोड स्थित डालाकोटी कंपाउंड निवासी उमेश चंद्र डालाकोटी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके परिसर से अज्ञात चोर चंदन का कीमती पेड़ काटकर ले गए हैं।मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 24/2026 धारा 305(ए) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर 22 फरवरी 2026 को सुशीला तिवारी अस्पताल तिराहे के पास से आरोपी कमल ढाली को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई चंदन की लकड़ी के छह टुकड़े, एक आरी, बसुली, रेती और चार दस्ताने बरामद किए।बरामद लकड़ी का घटनास्थल पर मौजूद पेड़ के ठूंठ से मिलान किया गया, जो हूबहू पाया गया।पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी की मुलाकात जेल में इन्द्रजीत राय नाम के अपराधी से हुई थी।दोनों ने मिलकर 19 जनवरी की रात यामाहा R15 बाइक से हल्द्वानी पहुंचकर पेड़ काटा।पकड़े जाने से बचने के लिए सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए गए थे।।
आरोपियों की योजना लकड़ी को कानपुर ले जाकर करीब 1800 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचने की थी।हल्द्वानी पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि जिले में चोरी और तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है।फिलहाल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य संभावित साथियों की तलाश जारी है।





0 टिप्पणियाँ