महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की घटनाओं से क्षेत्र में थी दहशत
हल्द्वानी और रामनगर क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की घटनाओं से दहशत फैली हुई थी, लेकिन अब पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार मुखानी और रामनगर इलाके में पिछले दिनों लगातार तीन वारदातों को अंजाम दिया गया था, जिसमें बदमाशों ने महिलाओं से मंगलसूत्र झपट लिए थे।
कब्जे से लूटे गए मंगलसूत्र के पेंडल बरामद
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान की और कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामपुर, उत्तर प्रदेश निवासी 36 वर्षीय फिरोज गांधी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटे गए मंगलसूत्र के पेंडल भी बरामद किए हैं, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता-एसएसपी
पूछताछ में आरोपी ने तीनों वारदातों को कबूल किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।एसएसपी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।फिलहाल पुलिस दूसरे फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

0 टिप्पणियाँ