बर्फ से ढके जंगल में मोरों का जोड़ा देख हर कोई अचंभित
हिमाचल प्रदेश में मनाली के पास 6000 फीट से अधिक ऊंचाई पर जगतसुख गांव है। यह गांव पूरी तरह बर्फ से ढका है। इसी दौरान बर्फ से ढके जंगल में मोरों का एक जोड़ा देखा गया है। इस दुर्लभ दृश्य ने इस नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र पर जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।।
आमतौर पर मोर गर्म क्षेत्र में पाए जाते हैं। बर्फ में नजर आए इन मोरों ने जगतसुख में सनसनी मचा दी है। मौसम वैज्ञानिकों और वन्यजीव संरक्षकों ने हैरानी जताई है। वहीं गांव के कुछ लोग इस घटना को किसी अनहोनी से जोड़ रहे हैं।
जगतसुख के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि ये देख, मैं दंग रह गया। मुझे अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हो रहा था। हमारे जंगलों में बर्फ में दो मोर थे। कुछ ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि ये जोड़े पिछले साल गर्मियों में जंगल में आए थे, लेकिन पहले बहुत कम दिखाई देते थे। जो भी हो मोर को इतनी बर्फ में देख हर कोई अचंभित है।







0 टिप्पणियाँ