ऑर्डर डिलीवरी के दौरान कहीं गिर गया था मोबाइल
हल्द्वानी में नैनीताल पुलिस के यातायात विभाग के एक कर्मी ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने आम आदमी का पुलिस पर भरोसा और मजबूत कर दिया है।दरअसल ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत सैफी खालिद का मोबाइल फोन रामपुर रोड पर ऑर्डर डिलीवरी के दौरान कहीं गिर गया। यह मोबाइल फोन उन्होंने महज तीन महीने पहले पाई-पाई जोड़कर खरीदा था और यही फोन उनकी रोज़ी-रोटी का सबसे अहम जरिया था।। 
मोबाइल गुम होने से खालिद बेहद परेशान हो गए। उम्मीद कम थी, फिर भी उन्होंने अपने नंबर पर कॉल किया। कुछ देर बाद फोन के दूसरी तरफ से आवाज आई—“मैं अपर उप निरीक्षक यातायात प्रकाश चंद्र नगरकोटी बोल रहा हूं, आपका फोन सुरक्षित मेरे पास है। मेरी ड्यूटी आईटीआई तिराहे पर है, आप आकर अपना फोन ले सकते हैं।”

यह सुनते ही सैफी खालिद की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और अपना मोबाइल फोन सुरक्षित वापस प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने नैनीताल पुलिस और यातायात पुलिस कर्मी प्रकाश चंद्र नगरकोटी का आभार व्यक्त किया। इस पूरे घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया कि आज भी पुलिस विभाग में ऐसे ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं, जो वर्दी की गरिमा बनाए रखते हुए आम जनता का विश्वास कायम कर रहे हैं।।


0 टिप्पणियाँ