दिल्ली में कोरोना का कमबैक, मिले 23 मरीज-
नई दिल्ली,हॉन्गकॉन्ग और सिंगापुर में बड़े पैमाने पर दस्तक के बाद अब कोरोना के मामले दिल्ली में भी बढ़ने शुरू हो गए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि 22 मई तक दिल्ली में कोरोना के कुल 23 केस मिले हैं,इन सभी की जांच प्राइवेट लैब में हुई है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह 23 मरीज दिल्ली के हैं या दिल्ली से बाहर के हैं और उनकी ट्रैवल हिस्ट्री क्या है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों के एमएस के साथ मीटिंग की, उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन की तैयारी कर ली गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि अभी पैनिक होने वाली कोई बात नहीं है। अभी कोरोना का जो वेरिएंट JN.1 (जेएन.1) सामने आया है वह सामान्य वेरिएंट है,उसका कोई ज्यादा असर नहीं है. इसका असर नॉर्मल इन्फ्लूएंजा की तरह ही होता है। उन्होंने कहा कि अभी तक दिल्ली में सभी 23 मरीज ठीक हैं। किसी को कोई समस्या नहीं है, सरकार की तैयारी पूरी है.सभी अस्पतालों को निर्देश दे दिए गए हैं। ऑक्सीजन से लेकर ऑक्सीमीटर तक की तैयारी पूरी कर ली गई है।
दिल्ली सरकार की तरफ से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि कोविड-19 मामलों में हाल ही में हुई वृद्धि को देखते हुए सभी सरकारी/निजी अस्पतालों के चिकित्सा निदेशकों/चिकित्सा अधीक्षकों/प्रशासकों की ओर से अस्पतालों में इन व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाना चाहिए।







0 टिप्पणियाँ