नीली बत्ती, भारत सरकार का बोर्ड और फर्जी I.B. ID... रौब दिखा रहा था रामपुर का युवक
हल्द्वानी में सघन चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी I.B. का अधिकारी बताकर घूम रहा था। आरोपी की कार पर नीली बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड लगा था। इतना ही नहीं, रौब दिखाने के लिए आरोपी अपने साथ पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन भी रखता था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी I.B. आईडी कार्ड और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं।

दरअसल, नैनीताल पुलिस की ओर से बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के साथ ही वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 12 सितंबर को हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार आती दिखाई दी, जिस पर लाल-नीली बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड लगा हुआ था। पुलिस ने कार को रोककर चालक से पूछताछ की।पूछताछ में युवक ने खुद को I.B. Officer बताया और एक आईडी कार्ड भी दिखाया। आरोपी ने अपना नाम मो. मोहासिब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया।।
लेकिन जब पुलिस ने उसकी नियुक्ति और पद से संबंधित जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस को आईडी और दस्तावेजों की सत्यता पर शक हुआ और वाहन की तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से फर्जी I.B. आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन अपने साथ रखता था। वहीं उसके पास मौजूद I.B. आईडी और संबंधित दस्तावेज भी फर्जी पाए गए।।
मामले में थाना हल्द्वानी में FIR संख्या 315/2026 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।नैनीताल पुलिस ने साफ किया है कि फर्जी पहचान बनाकर या सरकारी अधिकारी बनकर रौब दिखाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार अभियुक्त-
मो. मोहासिब खान, उम्र 24 वर्ष,निवासी शाहबाद गेट,थाना कोतवाली, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश।
गिरफ्तारी टीम-
उ0नि0 कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव
कानि0 मो0 अजहर
कानि0 सुनील टम्टा



0 टिप्पणियाँ