कानून से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय,आरोपी की संपत्ति जब्ती की तैयारी-
भवाली, क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जानकारी दिनांक 04 फरवरी को उस समय सामने आई, जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली से पुलिस को एक नाबालिग युवती के छह माह की गर्भवती होने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही भवाली पुलिस हरकत में आई और पीड़िता के परिजनों से संपर्क कर पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाई गई। पीड़िता की माता की तहरीर के आधार पर थाना भवाली में संबंधित धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में गठित टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और 05 फरवरी को दुष्कर्म के आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी का फॉरेंसिक परीक्षण, मेडिकल जांच सहित सभी आवश्यक विधिक प्रक्रियाएं पूर्ण कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह के जघन्य अपराधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उसकी संपत्ति के जब्तीकरण की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी। एसएसपी ने यह भी कहा कि क्षेत्र का माहौल खराब करने या कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की कड़ी निगरानी है और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नैनीताल पुलिस ने आमजन को भरोसा दिलाया है कि पीड़ित को न्याय दिलाने और समाज में सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।







0 टिप्पणियाँ