हाईकोर्ट शिफ्टिंग का विरोध तेज
हल्द्वानी ,नैनीताल से हाईकोर्ट को हल्द्वानी शिफ्ट करने के प्रस्ताव का विरोध तेज होने लगा है। जिला बार एसोसिएशन नैनीताल की ओर से आयोजित आम सभा में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर हाईकोर्ट को नैनीताल से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि किसी भी निर्णय से पहले सभी बार एसोसिएशन और अधिवक्ताओं से व्यापक चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।।।

आम सभा में पूर्व अध्यक्ष ओंकार गोस्वामी ने कहा कि आंदोलन शुरू करने से पहले सभी सहयोगियों से बातचीत कर ठोस रणनीति बनाई जानी चाहिए। वहीं पूर्व अध्यक्ष नीरज साह ने इस मुद्दे को कानूनी तरीके से लड़ने पर जोर दिया, जबकि पूर्व अध्यक्ष मनीष मोहन जोशी ने भी हाईकोर्ट शिफ्टिंग का विरोध करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।।
उप सचिव नीरज गोस्वामी ने कहा कि उत्तराखंड का अधिकांश हिस्सा पर्वतीय क्षेत्र है, लेकिन बड़े संस्थानों का विकास लगातार तराई क्षेत्रों में हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि हाईकोर्ट को भी तराई में स्थानांतरित किया गया तो पहाड़ों से पलायन और बढ़ सकता है।
पूर्व अध्यक्ष भगवत प्रसाद समेत कई अधिवक्ताओं ने भी हाईकोर्ट शिफ्टिंग का पुरजोर विरोध किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट ने कहा कि बार एसोसिएशन पहाड़ हित के साथ खड़ी है और आगे आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए अन्य बार एसोसिएशन से भी वार्ता की जाएगी।फिलहाल नैनीताल से हाईकोर्ट को हल्द्वानी शिफ्ट करने के प्रस्ताव को लेकर अधिवक्ताओं का विरोध खुलकर सामने आ गया है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में जिला बार एसोसिएशन इस मुद्दे पर किस तरह की कानूनी और आंदोलनात्मक रणनीति तैयार करती है।



0 टिप्पणियाँ