हल्द्वानी डकैती कांड में चार और आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी के गोरापड़ाव में हुई लाखों रुपये की डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने डकैती में शामिल चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, लूटी गई नकदी और घटना में इस्तेमाल क्रेटा व स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं।

बताते चलें कि 19 अगस्त की शाम गोरापड़ाव स्थित एक ऑफिस और गैराज में हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। शिकायत के मुताबिक करीब 10 हथियारबंद आरोपी मौके पर पहुंचे और लगभग 8 लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन तथा सोने की चेन और अंगूठियां लूटकर फरार हो गए थे। मामले में हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल ने करीब 50 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की मदद से सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 21 अगस्त को वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को गिरफ्तार किया था। वहीं अब पुलिस ने यश सिडाना को हल्द्वानी से, अमनदीप सिंह और शिवराज सिंह को दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर जैतपुर मोड़ से, जबकि अफजल मलिक को किच्छा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से एक क्रेटा कार, एक स्कॉर्पियो, चार तमंचे, सात जिंदा कारतूस और 18 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने डकैती की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में यश सिडाना, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक शामिल हैं। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।फिलहाल पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और इस पूरे डकैती कांड में शामिल बाकी आरोपियों तक पहुंचने के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल की ओर से टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है



0 टिप्पणियाँ